Showing posts with label दैनिक जागरण(राष्ट्रीय संस्करण). Show all posts
Showing posts with label दैनिक जागरण(राष्ट्रीय संस्करण). Show all posts

Monday, April 4, 2011

सावधान, पिज्जा में मिला है गोमांस


 क्या आपको पता है कि पिज्जा में गोवंश मांस (बीफ) की परत होती है। पैकेट पर इस बारे में साफ लिखा भी है। हालांकि जिस पैकेट में यह खाद्य सामग्री है, उस पर उत्पाद का वेज या नानवेज होने की पुष्टि करने वाला लोगो नहीं है। केंद्र के कामर्स एंड इंडस्ट्री मंत्रालय के अधीन डायरेक्टर जनरल फॉरेन ट्रेड से सूचना का अधिकार अधिनियम के तहत मांगी गई जानकारी में यह खुलासा हुआ है। जिले के प्रहलाद नगर निवासी सागर ने यह सूचना मांगी थी। डायरेक्टर जनरल की ओर से सभी राज्यों के मुख्य सचिव को भेजे गए पत्र में ऐसे पिज्जा की बिक्री पर प्रतिबंध लगाते हुए कार्रवाई करने का आग्रह किया गया है। इसमें पिज्जा निर्माता ही नहीं बेचने वाले के विरुद्ध भी कार्रवाई करने को कहा गया हैं। डीएम सुभाष चंद शर्मा के आदेश पर एडीएम सिटी महावीर प्रसाद आर्य ने इसके लिए छापामार दल का गठन किया है, जिसमें एसपी सिटी, नगर आयुक्त व नगर स्वास्थ्य अधिकारी को तत्काल सघन अभियान चलाकर यह पिज्जा बेचने वालों के विरुद्ध कार्रवाई करने के आदेश दिए गए हैं। वहीं कमिश्नर भुवनेश कुमार का कहना है कि ऐसे पिज्जा की बिक्री के खिलाफ न केवल मेरठ में बल्कि पूरे मंडल में अभियान चलाया जाएगा। संबंधित डीएम को इस बाबत आदेश जारी किये गये हैं|

Sunday, January 30, 2011

हजारों लावारिस गोवंश को छत देंगे बादल


पंजाब में गोवंश की बेकद्री कम हो, इसके लिए गौभक्तों को शासन प्रशासन की कृपा की दरकार है। हालांकि, गौरक्षा बोर्ड नाभा में प्रदेश की सबसे बड़ी गौशाला बनाने की योजना तो बना चुका है, लेकिन निर्माण से पहले वह जमीन को अवैध कब्जों से मुक्त कराने की जद्दोजहद में जुटा है। पंजाब में इस समय लगभग बीस हजार गायें-बछड़े लावारिस हैं, अगर यह योजना सिरे चढ़ जाती है तो इनमें से ज्यादातर गौवंश को छत नसीब हो सकती है। राज्य की प्रकाश सिंह बादल सरकार द्वारा गठित गौरक्षा बोर्ड नाभा के निकट गौ चरांद (महाराजा नाभा द्वारा गायों के लिए छोड़ी जगह) वाली दो सौ एकड़ पर प्रदेश स्तरीय गौशाला बनाने जा रहा है। बोर्ड ने सरकार से उक्त जगह हासिल करने की मंजूरी ले ली है। सरकार ने दो सौ में से करीब 40 एकड़ पर हुए कब्जे छुड़ाने के लिए डीसी को पत्र भी लिखा है। फाजिल्का के गांव बोदीवाला पीथा में प्रदेश स्तरीय गौशाला के लिए गौ रक्षा बोर्ड इन दिनों जनमत जुटा रहा है। फाजिल्का आए बोर्ड के वाइस चेयरमैन देवी दयाल पराशर ने बताया कि गौवंश के भोजन के लिए सरकार से फंड की मांग की गई है। वैसे चारा गौशाला की जमीन पर भी पैदा किया जाएगा। उन्होंने बताया कि देश की सबसे बड़ी गौशाला राजस्थान में बीकानेर के निकट सिंहथल धौरा में है, जहां करीब पांच लाख गायें हैं। उस गौशाला का संचालन साधू संत करते हैं। लेकिन किसी प्रदेश सरकार द्वारा गठित बोर्ड द्वारा बनाई जाने वाली बड़ी गौशाला पंजाब के नाभा में बनाई जा रही गौशाला ही होगी। वर्तमान में पूरे पंजाब में तीन सौ छोटी बड़ी रजिस्टर्ड गौशालाएं हैं। उनमें करीब ढाई लाख गायें पल रही हैं। पराशर ने बताया हालांकि प्रदेश स्तर पर बनाई जा रही गौशाला में बेसहारा पशु लाने के लिए सरकार ने हर जिले के डीसी से रिपोर्ट मांगी है, लेकिन बोर्ड द्वारा करवाए सर्वे के अनुसार करीब 10 हजार गायें और बछड़ों आदि को मिलाकर करीब 20 हजार गौवंश बेसहारा घूम रहा है।